गदागंज (रायबरेली)। दीनशाह गौरा ब्लॉक क्षेत्र में बदहाल बूथों पर अव्यवस्थाओं का जायजा लेने गुरुवार को खंड विकास अधिकारी ने कई मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
बीडीओ ने मतदान केंद्रों पर अव्यवस्थाओं को दूर करने के निर्देश दिए। बदहाल मार्ग को ठीक कराने के लिए उच्चाधिकारियों को जांच रिपोर्ट भेजी है।
दीनशाह गौरा ब्लॉक क्षेत्र में कई मतदान केंद्र ऐसे हैं, जहां पर बाउंड्रीवाल नहीं है। प्रसाधन समेत पानी की समस्या है। अमर उजाला ने इस समस्या को नौ फरवरी के अंक में प्रमुखता से उठाया था।
खबर का संज्ञान लेते हुए उच्चाधिकारियों ने खंड विकास अधिकारी से जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। गुरुवार को बीडीओ हरीशचंद्र मतदान केंद्र जमुनीपुर चरूहार, गदागंज, नरेंद्रपुर चरूहार के बूथों का निरीक्षण किया। बीडीओ ने बताया कि जांच रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी गई है। बाउंड्रीवाल की जगह बैरीकेडिंग कराई जाएगी।