जिला अस्पताल में बंद पड़ा ऑक्सीजन प्लांट।
रायबरेली। जिला अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट में आई खराबी आठ दिन बाद भी ठीक नहीं हो पाई। शासन ने टेंडर के माध्यम से इसे ठीक करने का जिम्मा सॉइरेक्स कंपनी को दिया था। हालांकि सूचना देने के बाद भी कंपनी का कोई इंजीनियर अब तक यहां नहीं आया। वहीं मरम्मत में आने वाले खर्च का एस्टीमेट भी जिला अस्पताल को नहीं दिया गया है। ऐसे में प्लांट के जल्द ठीक होने की उम्मीद नहीं लग रही है।
जिला अस्पताल में मरीजों को बेड पर ऑक्सीजन उपलब्ध कराने के लिए एक हजार लीटर प्रति मिनट की क्षमता का प्लांट स्थापित है। इसके कंप्रेशर में अचानक खराबी आने से मरीजों के बेड पर ऑक्सीजन की आपूर्ति बाधित हो गई है। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना इमरजेंसी में भर्ती मरीजों को करना पड़ रहा है। यहां भर्ती मरीजों की जिंदगी ऑक्सीजन सिलिंडर व कंसंट्रेटर के भरोसे है। प्लांट खराब होने से किसी भी दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। सीएमएस ने प्लांट ठीक कराने के लिए जिम्मेदार सॉइरेक्स कंपनी समेत अपर निदेशक व अन्य अधिकारियों को पत्र भेजा। इसके बावजूद कंपनी ने प्लांट ठीक करने की प्रक्रिया शुरू नहीं की।