रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग से संचालित 2,270 परिषदीय विद्यालयों को संवारने और खामियां दूर करने का काम कंपोजिट ग्रांट से किया जाएगा। छात्र संख्या के अनुसार विद्यालयों को कंपोजिट ग्रांट भेजी गई है। इससे स्कूलों में छोटे मरम्मत कार्य, विद्युत कार्य, रंगाई-पुताई तथा अन्य जरूरतें पूरी कराई जा सकेंगी।
इन स्कूलों के लिए स्वीकृत आठ करोड़ रुपये के बजट की 50 फीसदी धनराशि विद्यालयों को भेज दी गई है। शेष बजट मिलने पर भेजी जाएगी। कंपोजिट ग्रांट की 10 फीसदी धनराशि स्वच्छता पर खर्च करना अनिवार्य है।
जिला समन्वयक (निर्माण) सत्यम ने बताया कि जिले के 1,452 स्कूलों को 25-25 हजार रुपये, 704 स्कूलों को 50-50 हजार रुपये और 114 स्कूलों को 75-75 हजार रुपये देने की स्वीकृति मिली है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शिवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि सभी विद्यालयों को कंपोजिट ग्रांट की धनराशि का निर्धारित कार्यों में उपभोग करने के बाद प्रारूप पर प्रमाणपत्र उपलब्ध कराना होगा।