रायबरेली। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जिले में 99 प्रतिशत परिवारों के सर्वे का काम पूरा हो गया है। 15 मई तक सर्वे पूरा होने के बाद पात्रों को सपनों का घर देने की प्रक्रिया शुरू होगी। जल्द ही पात्रता सूची तैयार की जाएगी। गरीबों को आवास बनाने के लिए 1.20 लाख रुपये दिए जाते हैं।
जिले में तमाम ऐसे लोग हैं, जो आज भी कच्चे घरों में हर रहे हैं। शासन की मंशा है कि जिले के सभी लोगों के पास अपनी छत हो। इसके लिए सर्वे का काम चल रहा है। अब तक 87,866 लोगों के सर्वे का काम पूरा हो चुका है। शासन से तय मानकों के आधार पर पात्रों के सर्वे का काम आगामी 15 मई को पूरा होना है। इसके लिए गांवों में टीमें लगाई गई हैं। सर्वे का काम पूरा होने के बाद पात्रता सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद पात्रों के खातों में आवास निर्माण के लिए किस्त भेजने का काम शुरू होगा।
किस ब्लॉक में कितने पात्र किए गए चिह्नित
जिले में सर्वे का काम चल रहा है। अब तक राही में 5206, खीरों में 9563, दीनशाह गौरा में 5350, सलोन में 6221, डलमऊ में 7782, ऊंचाहार में 4618, सरेनी में 6452, महराजगंज में 6320, डीह में 4613, सतांव में 5871, छतोह मेंं 3038, लालगंज में 5653, जगतपुर में 2700, हरचंदपुर में 2916, बछरावां में 3803, रोहनियां में 1986, अमावां में 3729, शिवगढ़ में 2045 पात्रों को चिह्नित किया गया है।
जिले के सभी 18 ब्लॉकों में प्रधानमंत्री आवास के लिए पात्रों को चिह्नित करने का काम चल रहा है। अब तक 99 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। 15 मई के बाद अंतिम पात्रता सूची तैयार की जाएगी।
- सतीश प्रसाद मिश्रा, परियोजना निदेशक, डीआरडीए