रायबरेली। मिल एरिया थाना क्षेत्र में बैंक के सहायक शाखा प्रबंधक की हत्या के मुख्य आरोपी ने गुरुवार को सीजेएम कोर्ट में समर्पण कर दिया। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिल्पी रानी ने आरोपी नगीना सिंह को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए जिला कारागार भेजने का आदेश दिया। उधर, पुलिस लंबे समय से आरोपी की तलाश में थी, लेकिन पुलिस आरोपी को ढूंढ नहीं पाई।
11 जनवरी की रात मिल एरिया थाना क्षेत्र में सारस होटल के पीछे बैंक ऑफ बड़ौदा डीह के सहायक शाखा प्रबंधक जय प्रकाश पाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को जेल भेज दिया था। वहीं काफी दिनों से मुख्य आरोपी शहर के सम्राट नगर निवासी नगीना सिंह की तलाश में थी। इसी दौरान मुख्य आरोपी ने गुरुवार को कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय ने उसे न्यायिक अभिरक्षा में लेकर जिला जेल भेज दिया।