रायबरेली। तेज़ धूप और झुलसाने वाली गर्मी ने जिले के हालात बिगाड़ दिए हैं। लू जैसे हालातों के बीच बीमारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। जिला अस्पताल में डायरिया के 16 और बुखार के 12 मरीज भर्ती किए गए। मरीजों की लंबी कतारें इमरजेंसी से लेकर वार्ड तक देखने को मिल रही हैं। बावजूद इसके स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं। न तो साफ पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो रही है, न ही गर्मी से राहत के कोई ठोस इंतज़ाम नज़र आ रहे हैं।
जिला अस्पताल में शुक्रवार को परचा काउंटर से लेकर ओपीडी कक्ष तक मरीजों की लंबी लाइन देखने को मिली। 1700 से अधिक मरीज ओपीडी में चिकित्सीय सलाह लेने पहुंचे। शुक्रवार को डायरिया के कारण हालत बिगडऩे पर शिवा (3), पलक (12), अनवी (11), अक्षत (12), अभिषेक (2), रानी (42), लालती (45), नीतू (22), सावित्री (65), त्रिलोकी (52) समेत 16 मरीजों को भर्ती कराया गया। इसके अलावा बुखार के चपेट में आने के बाद माही (11), कायनात (1), महिमा (12), सपना (13), शिवांशी (5), किशोर (41), राजेंद्र (32) समेत 12 लोगों को भर्ती कराया गया। मेडिसिन और ह्दय रोग विभाग में सबसे अधिक मरीज पहुंचे। सीएमएस डॉ. प्रदीप अग्रवाल ने बताया कि अस्पताल में जांच और इलाज के पर्याप्त बंदोबस्त है। गर्मी बढ़ रही है। लोग एहतियात बरतें।
सड़कों पर पसरा सन्नाटा
शुक्रवार को सुबह से ही लू चलनी शुरू हो गई। जिससे लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर ही बाहर निकले। दोपहर एक बजे के बाद तो सड़कों पर सन्नाटा पसर गया और ग्रामीण इलाकों के गलियारे भी सूने दिखे। दिन का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो औसत से दो डिग्री अधिक रहा। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी, फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दितेंद्र सिंहन के अनुसार, नमी के कारण उमस भी बढ़ी है। आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव हो सकता है।
गर्मी ने व्यापार पर डाला असर
भोजपुर। भीषण गर्मी और धूप के कारण बाजारों में रौनक गायब है। किराना दुकानदार आशू मिश्रा, मोनू सिंह, सुशांत सिंह, सचिन साहू, दीपक प्रजापति और राजू का कहना है कि दुकानदारी अब केवल सुबह 10 बजे तक और शाम चार बजे के बाद ही हो पा रही है। सहालग के सीजन में भी व्यापार पर असर पड़ रहा है, जिससे दुकानदार चिंतित हैं।
बीमारी बढ़ने की वजहें
हैंडपंपों और टंकियों का गंदा पानी
खुले में बिक रहा बासी व कटे फल
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य टीमों की कमी
अस्पतालों में पंखों और पेयजल की किल्लत
-
बीते 5 दिन का तापमान
तारीख
अधिकतम तापमान न्यूनतम तापमान
14 अप्रैल
35.5
18.6
15 अप्रैल
37.0
21.4
16 अप्रैल
37.8
21.7
17 अप्रैल
39.6
23.1
18 अप्रैल
40.5 23.6
धूप की तल्खी से सूखे हलक, नलों पर लगी भीड़
रायबरेली। धूप की तल्खी और बढ़ती गर्मी ने ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शुक्रवार को दोपहर में गुजरने वाली पंजाब मेल, जनता मेल जैसी ट्रेनों से सफर करने वाले यात्री प्यास से बेहाल दिखे। ट्रेन के रुकते ही बोगियों से बाहर निकले और वाटरबूथ पर पहुंच गए। पहले तो खुद की प्यास बुझाई, फिर बोतल में पानी भर कर बोगी में लौटे। कई यात्री तो हाथ-मुंह धोते नजर आए, ताकि गर्मी से राहत मिल सके। वरिष्ठ खंड अभियंता (कार्य) विजय का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए जगह-जगह वाॅटरबूथ और पानी की टोटियां लगी हैं। पानी की कोई समस्या नहीं है।