रायबरेली। जिले में जुकाम, बुखार और डायरिया के मरीज तेजी से बढ़े हैं। बुखार की चपेट में आने से आठ साल की बालिका की मौत हो गई। 19 से अधिक मरीजों को भर्ती किया गया है। उधर, सोमवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में भी मरीजों की भीड़ उमड़ी। सभी काउंटरों व ओपीडी कक्षों के बाहर भीड़ रही। इमरजेंसी में भी भर्ती होने के लिए रोगियों का तांता लगा रहा।
जिला अस्पताल में बीती 19 जुलाई को मिल एरिया क्षेत्र के श्रद्धा का पुरवा निवासी गोमती (8) को भर्ती कराया गया। बच्ची को बुखार के साथ ही अन्य समस्या थी। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। सोमवार को बुखार और डायरिया की चपेट में आने के बाद बाबूलाल (30), गुंजन (22), सानिया (32), लाल बहादुर (50), आदित्य (11), जानवी (7) समेत 19 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया।
उधर, ओपीडी में 1800 से अधिक मरीज पहुंचे। सुबह से ही परचा काउंटर पर भीड़ लग गई। ओपीडी कक्षों के बाहर मरीजों ने बारी आने का इंतजार किया। खासकर मेडिसिन विभाग में सबसे ज्यादा मरीज पहुंचे। दवा काउंटर व पैथोलॉजी में लंबी लाइन लगी रही। इमरजेंसी में भी दोपहर दो बजे के बाद भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई। सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि वर्तमान सीजन में लोग एहतियात बरतें। समस्या होने पर जिला अस्पताल आकर मरीजों को भर्ती कराएं।