महरानीगंज में गल्ला व्यवसायी की मौत के दूसरे दिन बंद दुकानें।
रायबरेली। गल्ला व्यापारी सुखदेव लोधी के शव का अंतिम संस्कार बुधवार को उन्नाव जिले के बक्सर गंगा घाट पर हुआ। बड़े भाई रामआसरे ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान घाट पर मौजूद हर शख्श की आंखें भर आईं।
गल्ला व्यापारी की हत्या के विरोध में दूसरे दिन भी महरानीगंज बाजार बंद रहा। व्यापारियों में घटना को लेकर आक्रोश दिखा। महरानीगंज गांव निवासी सुखदेव लोधी (45) की सोमवार रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जबकि उनकी पत्नी सरोजनी देवी (42) को घायल कर दिया था। सुखदेव की हत्या के बाद व्यापारी स्वयं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
यही वजह रही कि बुधवार को भी महरानीगंज बाजार बंद रहा। लोगों के चेहरे पर गुस्सा और गम दिख रहा था। सुबह सुखदेव का शव उन्नाव के बक्सर गंगा घाट ले जाया गया। अंतिम संस्कार के दौरान भाई राम आसरे, आनंदपाल लोधी समेत अन्य परिजनों के अलावा क्षेत्रीय लोग, व्यापारी और कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
पिता दयाराम लोधी के मुताबिक वह बेटे के अंतिम संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने नहीं गए थे। इसका कारण पूछा गया तो कुछ नहीं बोले। बताया कि बड़े बेटे राम आसरे ने शव को मुखाग्नि दी। उधर, लोगों का आक्रोश देखते हुए गल्ला व्यापारी के घर के पास पुलिस बल तैनात किया गया है।