बेसिक शिक्षा विभाग के अध्यापक सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्रदेश सरकार इस शिक्षा सत्र को गुणवत्ता वर्ष के रूप में मनाने का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन शिक्षक हैं कि सुधर ही नहीं रहे हैं।
शुक्रवार को बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी ने राही ब्लॉक के स्कूलों का निरीक्षण किया तो यहां शिक्षा की गुणवत्ता तार-तार मिली। कहीं टीचर गायब मिले तो कहीं गंदगी का अंबार मिला।
बच्चे कम होने के कारण शिक्षण कार्य भी होते नहीं मिला। मामले में चार टीचरों का वेतन रोकते हुए एक हेडमास्टर को चेतावनी जारी की गई है।
बीएसए ने सुबह सवा आठ बजे राही ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक स्कूल सींकी सलीमपुर का निरीक्षण किया। यहां सहायक अध्यापक बीना यादव व पूनम सिंह गायब मिलीं। शिक्षा का स्तर ठीक नहीं मिला।
प्राथमिक स्कूल बंदरामऊ में शिक्षक कमलेश कुमार गायब मिले। तीनों टीचरों का वेतन रोक दिया गया। प्राथमिक स्कूल भदोखर द्वितीय में हेडमास्टर शंकरा पांडेय प्रसाधन कक्ष बनवा रही हैं, लेकिन गुणवत्ता ठीक न मिलने पर उनका भी वेतन रोकते हुए एक सप्ताह में काम पूरा कराने के आदेश दिए।
पूर्व माध्यमिक स्कूल बंदरामऊ में गंदगी मिलने पर हेडमास्टर को चेतावनी जारी की गई। प्राथमिक स्कूल भुएमऊ में अनाज न होने के कारण एमडीएम ठप पाया गया। बीईओ को अनाज की व्यवस्था कराने के आदेश दिए गए।