शहर के रेलवे स्टेशन पर बंद एस्केलेटर।
रायबरेली। शहर के रेलवे स्टेशन पर लगा एस्केलेटर (स्वाचिलत सीढि़यां) सोमवार को करीब दो घंटे तक बंद रहा। इससे यात्रियों को सुविधा का लाभ नहीं मिल सका। अभी कुछ पहले ही एस्केलेटर की मरम्मत कराई गई थी, लेकिन इमरजेंसी ब्रेक में समस्या आने लगी। अभियंता का कहना है कि इमरजेंसी ब्रेक बदलने के लिए एस्केलेटर को बंद रखा गया।
रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर पश्चिमी छोर के पैदल पुल पर चढ़ने के लिए एस्केलेटर लगा है, जिसमें दो सीढि़यां हैं। इनमें एक सीढ़ी ऊपर की ओर जाती है तो दूसरी नीचे की ओर आती है। एस्केलेटर की एक निश्चित समयावधि पर मेंटीनेंस कराई जाती है। कुछ दिन पहले ही मेंटीनेंस का काम कराया गया था। इसके बावजूद एस्केलेटर में दिक्कत आने लगी है। इमरजेंसी ब्रेक में फाल्ट की वजह से एस्केलेटर सुचारू रूप से काम नहीं कर रहे थे।
इस वजह से सुबह करीब दो घंटे तक एस्केलेटर को बंद रखकर काम कराया गया, ताकि एस्केलेटर सुचारू रूप से काम कर सके और यात्रियों को सुविधा का लाभ मिल सके। रेलवे के विद्युत अभियंता एसएम मीणा का कहना है कि इमरजेंसी ब्रेक में फाल्ट की वजह से दिक्कत आ रही थी, जिसे ठीक करने के लिए इमरजेंसी ब्रेक बदलवा दिए गए हैं। इस काम की वजह से एस्केलेटर को बंद रखा गया था।