राजघाट के पास खनन अधिकारी व ट्रक चालकों के बीच होती नोकझोंक।
रायबरेली। खनन अधिकारी शनिवार को राजघाट के पास मंडी परिसर में मौरंग लदे खड़े वाहनों को चालान करने पहुंचे तो चालक भड़क उठे। सभी ने हंगामा किया। इस दौरान खनन अधिकारी और वाहन चालकों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। एक चालक तो गाड़ी के आगे लेट गया और कहा कि वाहनों का चालान करने से अच्छा है कि उन पर गाड़ी चढ़ा दीजिए। मामला तूल पकड़ते देख खनन अधिकारी को लौटना पड़ा।
शहर से सटे राजघाट के पास मंडी परिसर है, जहां पर मौरंग लदे ट्रक व डंपर खड़े होते हैं। दोपहर करीब तीन बजे खनन अधिकारी ईश्वरचंद्र वाहनों की चेकिंग करके जानने का प्रयास करने लगे कि किन वाहनों की रॉयल्टी है। इस पर चालक आक्रोशित हो गए और मंडी परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। खनन अधिकारी समझाने की कोशिश करते रहे, लेकिन चालकों का प्रदर्शन बंद नहीं हुआ।
मामला बढ़ता देख खनन अधिकारी टीम के साथ लौट गए। अधिवक्ता एवं मौरंग व्यवसायी सुुभाष मिश्रा ने बताया कि वाहन चालकों के साथ किसी तरह का अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा। खनन अधिकारी ने बताया कि जिन वाहनों की रॉयल्टी नहीं बनी थी, उन वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। वाहन चालकों ने चेकिंग का विरोध किया। इसके बाद हम लोग लौट आए। हिदायत दी गई है कि बिना रायल्टी के गिट्टी, मौरंग लादकर वाहनों को सड़कों पर दौड़ाया गया तो कार्रवाई की जाएगी।
एक वाहन सीज, तीन का चालान
खनन अधिकारी ईश्वरचंद्र ने बताया कि शनिवार को गुरुबख्शगंज इलाके में मौरंग लदे तीन वाहनों का चालान करके एक लाख 80 हजार रुपये का शमन शुल्क वसूला गया। एक वाहन को सीज करके गुरुबख्शगंज थाने पर खड़ा करा दिया गया।