रायबरेली। जिले में तेज धूप और लू का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। इसको लेकर अलर्ट जारी किया गया है। लापरवाही पर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को धूप में कम से कम निकलने की सलाह दी गई है। समस्या होने पर नजदीक के अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं।
सीएमओ ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को डेंगू व हीटवेव वार्ड को प्रभावी ढंग संचालित कराने के निर्देश दिए हैं। सभी को अपने-अपने क्षेत्रों में संक्रामक रोगों पर भी नजर रखने के लिए कहा गया है। सीएमओ डॉ. नवीनचंद्रा ने बताया कि हीट वेव के कारण बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं, बीमार व्यक्तियों, निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों व फील्ड कार्य करने वाले कर्मचारियों को विशेष सावधानी बरतने की आवश्यकता है।
लू से ऐसे करें बचाव
- खाली पेट घर से बाहर न निकलें। नाश्ता या भोजन अवश्य करें।
- बाहर निकलते समय सिर को गीले कपड़े से ढकें, छाता और धूप का चश्मा पहनें।
- पानी की बोतल हमेशा साथ रखें। हल्के रंग के सूती और पूरी बांह वाले कपड़े पहनें।
- ताजा एवं सुपाच्य भोजन करें। दोपहर 12 से 3 बजे तक बाहर निकलने से बचें।
- नींबू पानी, ओआरएस, तरबूज, खरबूजा, खीरा, ककड़ी, छाछ, आम पना का सेवन करें।
ये लक्षण हों, तो जाएं अस्पताल
- तेज बुखार (104 डिग्री) या उससे अधिक। बेहोशी या कोमा की स्थिति।
- चक्कर आना, सिर दर्द, उल्टी, थकान, कमजोरी, भ्रम की स्थिति।
- मांसपेशियों और पेट में अकड़न।