गदागंज। दीनशाह गौरा ब्लाॅक क्षेत्र में गदागंज चौराहे से जलालपुरधई होते हुए भुरकुशापुर गंगा घाट जाने वाली सड़क गड्ढों में तब्दील है। इससे आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई। इसके विरोध में रविवार को व्यापारियों ने गदागंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। कहा कि सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, तो डीएम कार्यालय के सामने धरना दिया जाएगा।
व्यापार मंडल अध्यक्ष इंतजार सिंह, समर बहादुर सिंह, श्याम बाबू, रामबाबू ने बताया कि दो साल से सड़क खराब है। सबसे ज्यादा परेशानी विद्यालय जाने वाले बच्चों को होती है। इस सड़क से खत्री भीट, जलालपुरधई, बनपुरवा, चंदई चरुहार, गोंडा, प्रयागपुर, शिवनगर, नारायणपुर बन्ना, पूरे बाबा, नेवलगंज, धीरनपुर, सेलरहा, कीरतपुर, चरुहार, बहादुरगंज, मुन्ना सिंह का पुरवा गांव के लोग आते-जाते हैं। इसी मार्ग से श्रद्धालु भुरकुशापुर गंगा घाट पर स्नान करने जाते हैं।
राकेश कुमार, अनिल सविता, आशीष कुमार ने बताया कि सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाता है। इससे निकलना और मुश्किल हो जाता है। अधिशासी अभियंता संजू कुमारी ने बताया कि जल्द सड़क की मरम्मत कराई जाएगी।
दो साल पहले बनी सड़क गड्ढों में गुम
महराजगंज। ब्लॉक क्षेत्र के चंदापुर गांव के पास डीह रजबहे की पटरी पर बनाई गई सड़क गड्ढों में गुम हो गई है। पटरी की मिट्टी बहने से सड़क टूट गई। इससे कभी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। मयंक, नीरज, शुभम, सौरभ, रमाकांत, अमन ने बताया कि महराजगंज-इन्हौना मार्ग पर कैर गांव के पास पुल निर्माण के चलते ज्यादातर लोग इसी मार्ग से निकलते हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि दो साल पहले सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन जगह-जगह पटरी बहने से सड़क खस्ताहाल हो गई है। ग्रामीणों ने सड़क और पटरी की मरम्मत कराए जाने की मांग की है। एसडीएम गौतम सिंह ने बताया कि सड़क मरम्मत के लिए सिंचाई विभाग को पत्र लिखा जाएगा।