रायबरेली। शहर के एक निजी अस्पताल में रविवार सुबह प्रसूता की मौत हो गई। इस पर परिजनों ने हंगामा किया। बाद में मामले में समझौता हो गया। शहर के दाऊदपुर अहियारायपुर की रहने वाली राजेश्वरी देवी (27) को प्रसव पीड़ा होने पर शनिवार रात इंदिरा नगर मोहल्ला स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। प्रसूता ने प्रसव के दौरान दो जुड़वा बच्चों को जन्म दिया। सुबह करीब पांच बजे राजेश्वरी की अचानक मौत हो गई। परिजनों ने इलाज में लापरवाही बरतने से प्रसूता की मौत होने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
इंदिरा नगर चौकी प्रभारी राकेश मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को शांत कराया। चौकी प्रभारी के मुताबिक फेफड़े में पानी जाने से प्रसूता की मौत हुई थी। रुपये के लेनदेन को लेकर अस्पताल के स्टाफ से कुछ बातचीत हुई थी, जिसे मौके पर पहुंचकर सुलझा दिया गया। दोनों बच्चे स्वस्थ हैं। परिजनों की तरफ से प्रकरण को लेकर कोई तहरीर नहीं दी गई है।