फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Raebareli News: खस्ताहाल जेल रोड की हो सकेगी मरम्मत

Tue, 16 Sep 2025 01:44 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, रायबरेली
विज्ञापन
खस्ताहाल शहर की जेल रोड।
विज्ञापन
रायबरेली। खस्ताहाल जेल रोड की मरम्मत का रास्ता साफ हो गया है। नगर विकास विभाग ने लोक निर्माण विभाग को रोड हैंडओवर करने का अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दिया है। अब पीडब्ल्यूडी के बनाए गए प्रस्ताव पर शासन रोड मरम्मत के लिए धन आवंटित करेगा। करीब ढाई साल से जेल रोड गड्ढों में तब्दील है।
विज्ञापन


इससे शहरवासियों और आम लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोड की लंबाई करीब तीन किमी है। नगर पालिका के पास इतना बजट नहीं था कि वह रोड का मरम्मत कार्य करा सके। बीते 23 मई को नगर पालिका परिषद रायबरेली की बोर्ड बैठक में जेल रोड की मरम्मत का कार्य पीडब्ल्यूडी से कराने के लिए प्रस्ताव पास हुआ था।

जेल रोड को पीडब्ल्यूडी को हैंडओवर करने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया था। अब नगर विकास विभाग ने खस्ताहाल सड़क को मरम्मत कराने के लिए पीडब्ल्यूडी को हैंडओवर करने की एनओसी दे दी है।
विज्ञापन



आवागमन की दृष्टि से अहम है जेल रोड
शहरवासियों व आम लोगों के आवागमन की दृष्टि से जेल रोड अहम है। पुलिस लाइन से मामा चौराहे तक सड़क गड्ढों में तब्दील है। इसी रोड से होकर प्रतिदिन पांच हजार से ज्यादा भारी वाहनों का रायबरेली, बल्कि प्रयागराज, कानपुर, फतेहपुर आना-जाना होता है। प्रतिदिन 30 हजार से ज्यादा लोगों का आवागमन भी रहता है। बावजूद इस सड़क की मरम्मत नहीं हुई। पालिका ने बजट की कमी बताकर सड़क का मरम्मत कार्य कराने से हाथ खड़े कर दिए थे।


10 करोड़ रुपये के करीब आएगा खर्च
जिस तरह जेल रोड खस्ताहाल है, उससे पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों का मानना है कि करीब मरम्मत कार्य में 10 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। नगर विकास विभाग से एनओसी मिलने के बाद अब लोक निर्माण जल्द ही प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजेगा।

खस्ताहाल जेल रोड से शहरवासियों व आम लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। रोड को पीडब्ल्यूडी को हैंडओवर करने के लिए बोर्ड में पास प्रस्ताव को शासन को भेजा गया है। नगर विकास विभाग से एनओसी मिल गई है। बजट आवंटित होते ही पीडब्ल्यूडी की ओर से सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू कराया जाएगा।
विज्ञापन

- स्वर्ण सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद रायबरेली
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें