लालगंज-कानपुर मार्ग पर स्थित मुबारकपुर गांव के पास सोमवार को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। जिससे एक युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सीएचसी लाया गया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
खीरों थाना क्षेत्र के बरिगांव निवासी दुर्गेश कुमार शुक्ला (17) पुत्र महेश प्रसाद शुक्ला अपने रिश्तेदार जगतपुर थाना क्षेत्र के सिंकदरपुर निवासी गोल्डन शुक्ला (26) पुत्र जयप्रकाश के साथ अपनी मौसी की बेटी की शादी में शामिल होने के लिए उन्नाव जनपद के हिंदूपुर गया था।
विदाई होने से पहले वहां से दोनों किसी काम से लालगंज आ रहे थे। मुबारकपुर गांव के पास लालगंज से कानपुर की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक संख्या यूपी 78 एएन 7821 ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टर ने दुर्गेश को मृत घोषित कर दिया। जबकि गोल्डन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुुर्घटना के बाद भाग रहे ट्रक को लोगों ने दौड़ाकर पकड़ लिया।
लेकिन ट्रक ड्राइवर भागने में कामयाब हो गया। मृतक के चाचा गुरुप्रसाद शुक्ल ने पुलिस को तहरीर दी है। प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्घ रिपोर्ट दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दुर्गेश अपने मां-बाप का अकेला पुत्र था। उसकी मौत की खबर घर पर पहुंची तो कोहराम मच गया। मृतका की मां और बहन सिम्मी सहित सभी दुर्गेश को याद करके दहाड़े मार-मारकर रो रहे थे।