सदर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार रात रायबरेली क्लब गेट के पास एक बुजुर्ग का शव कई घंटों पड़ा रहा। पुलिस घंटों इस शव के पड़े होने से अंजान बनी रही। सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज तो मौके पर पहुंचे और वापस हो गए। यही नहीं यूपी डायल 100 पुलिस भी पहुंची, लेकिन शव को उठाना उचित नहीं समझा। मामला कोतवाल के पास पहुंचा तो उन्होंने शव को कब्जे में लेने के निर्देश दिए। इस पर पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस अधीक्षक के आवास को जाने वाली रोड के पास रायबरेली क्लब है। इसी क्लब के गेट पर 60 वर्षीय एक बुजुर्ग का शव पड़ा था। आसपास के ठेलिया दुकानदारों ने इसकी सूचना यूपी डायल व सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज शिवशंकर गुप्ता को दी। चौकी इंचार्ज पहुंचे और शव देखकर वापस चले गए। यूपी डायल पुलिस ने भी शव को कब्जे में नहीं लिया। नतीजतन ढाई घंटे से ज्यादा समय तक शव वहीं पर पड़ा रहा। चौकी इंचार्ज और यूपी डायल पुलिस की इस ढिलाई से ठेलिया दुकानदारों में नाराजगी रही।
मामला कोतवाल सुधीर चंद्र पांडेय की जानकारी में आया तो उन्होंने निर्देश देकर पुलिस को मौके पर भेजा। इसके बाद शव को कब्जे में लिया जा सका। कोतवाल का कहना है कि मृतक बुजुर्ग इधर-घूमता था। कुष्ठ रोगी था। रायबरेली क्लब गेट के पास रहता था और उसकी स्वाभाविक मौत हो गई थी। पुलिस भेजकर शव को कब्जे में लिया गया।