चैत्र नवरात्र को लेकर श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह है। मंदिरों में साफ-सफाई के साथ रंगाई-पुताई पूरी कर ली गई है। मां का दरबार भी सजकर तैयार हो गया है। महिलाएं और युवतियां घरों को साफ-सुथरा कर माता के स्वागत के स्वागत की तैयारी में लगी हैं।
गुरुवार को माता की चुनरी तो कोई संदल की माला खरीदता नजर आया। बाजार में माता के वस्त्रों, शृंगार, पूजन, हवन आदि की दुकानें सज हुई हैं। चैत्र नवरात्र शुक्रवार से प्रारंभ होगा। पहला दिन होने के कारण लोगों में खूब उत्साह है।
एक दिन पहले ही मइया को प्रसन्न करने के लिए भक्त घरों को साफ-सुथरा करने में लगे हुए है। वहीं मंदिरों को भी रंगरोगन कर तैयार कर दिया गया है। गुरुवार सुबह से ही लोगों का रेला बाजार में पहुंचने लगा। दोपहर में तेज धूप होने के बाद भी भीड़ कम नहीं हुई।
लोगों ने नवरात्र में उपयोग की जाने वाली हवन सामग्री, कपूर, सुगंधित अगरबत्तियों, दीपकों की भी जमकर खरीदारी की। मोती, रेशम, सीप, संदल व कुंदन की बनी मालाएं लोगों को खूब भा रही है।
शहर के मां मंसा देवी मंदिर, मढ़ी देवी मंदिर, चंपा देवी मंदिर, मां दुर्गा मंदिर, संकठा देवी मंदिर, अहोरवा भवानी मंदिर, शंकरपुर मां दुर्गा मंदिर, मनकामेश्वर धाम रालपुर, कालिका देवी, भवानी मंदिर लालगंज आदि मंदिरों में नवरात्र की तैयारी पूरी कर ली गई है। मंदिरों के आसपास नौ दिन तक मेला लगता है। इसको लेकर आयोजक भी पूरी तरह से सक्रिय है।