सदर कोतवाली क्षेत्र के खटिकाना उत्तरी जहानाबाद मोहल्ले में संचालित अवैैध नर्सिंगहोम में नवजात की मौत के मामले में राज्य महिला आयोग ने गंभीर रुख अपनाया है। आयोग ने सीएमओ से पूरी रिपोर्ट मांगी है।
उधर डीएम प्रेम नारायण के निर्देश पर जिला अस्पताल की सीएमएस ने स्वास्थ्य महानिदेशक को नर्स शशिबाला सिंह के खिलाफ कार्रवाई के लिए पत्र भेजा है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रेनू चौधरी के नेतृत्व में दो सदस्यीय जांच टीम भी गठित कर दी गई है।
बीती 21 जून को बिना लाइसेंस अवैध रूप से खटिकाना मोहल्ले में संचालित नर्सिंगहोम में नवजात की मौत हो गई थी। साथ ही एक किशोरी का गर्भपात कराया गया था।
मामले में जिला अस्पताल में तैनात नर्स शशिबाला सिंह व उसके बेटेे समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया गया था। मामले में राज्य महिला आयोग ने गंभीर रुख अपनाते हुए सीएमओ को घटना के संबंध में पूरी रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
मामले में डीएम ने भी सीएमएस को कार्रवाई करके अवगत कराने के आदेश दिए हैं। डीएम प्रेम नारायण ने बताया कि नर्स शशिबाला सिंह का निलंबन डीजी स्तर से होना है। सीएमएस से जांच रिपोर्ट मांगी है। जल्द ही कार्रवाई होगी।