लखनऊ। बरौलिया डालीगंज स्थित आयुष्यमान भारत नगरीय हेल्थ एवं वेलनेस केंद्र में डॉक्टर के आने का कोई समय तय नहीं है। रविवार को यह केंद्र दोपहर एक बजे बंद मिला। इसके बाद आए कई मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा।
बच्चे का इलाज कराने आई महिला ने बताया कि उन्हें रविवार को ही छुट्टी मिलती है। यह केंद्र बंद होने से उन्हें किसी निजी अस्पताल में दिखाना पड़ेगा। वेलनेस केंद्र के आसपास के लोगों ने बताया कि यह सुबह 11 बजे खुलता है। दोपहर दो बजे बंद हो जाता है। नर्स और फार्मासिस्ट आ जाते हैं, लेकिन डॉक्टर 12 बजे तक आती हैं। जब से खुला है इसकी मॉनीटरिंग करने कोई नहीं आया, इस वजह से यहां मनमानी है।
ये है खुलने का समय
स्वास्थ्य विभाग की ओर से वेलनेस केंद्र खुलने का समय सुबह आठ से शाम चार बजे तक तय किया गया है।
सुलभ इलाज के लिए खोले गए केंद्र
सरकार ने हर एरिया में मुफ्त और सुविधाजनक इलाज के लिए शहर में 90 आयुष्यमान भारत नगरीय हेल्थ एवं वेलनेस केंद्र खोले हैं। यहां सामान्य बीमारियों के अलावा गर्भावस्था और प्रसव, मानसिक स्वास्थ्य, आंख, कान, नाक आदि का इलाज उपलब्ध है। बीपी, मधुमेह और हृदय रोग से संबंधित दवाइयां मुफ्त में मिलती हैं। हर केंद्र में एक डॉक्टर, एक स्टाफ नर्स और एक फार्मासिस्ट की तैनाती की गई है।
केंद्र तय समय से पहले बंद होने की बात टीम भेजकर पता लगाई जाएगी। केंद्र प्रभारी से भी जवाब तलब किया जाएगा। अनियमितता मिलने पर कार्रवाई करेंगे।
डॉ. एनबी सिंह, सीएमओ