हरचंदपुर थाना क्षेत्र में हादसे में टैंकर की टक्क्र से क्षतिग्रस्त हुई रोडवेज डिपो की बस।
हरचंदपुर। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर रविवार सुबह बाइक सवार को बचाने में बेकाबू टैंकर ने खड़ी रोडवेज बस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस घिसटती हुई पेड़ से टकरा गई। इससे अफरातफरी मच गई। गनीमत रही कि हादसे में टैंकर चालक बच गया। हादसे के बाद चालक टैंकर लेकर चला गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
हाईवे पर हरचंदपुर कस्बे के पास हुए हादसे में रोडवेज बस क्षतिग्रस्त हो गई थी। बस को हाईवे के किनारे खड़ा किया गया था। सुबह आठ बजे टैंकर रायबरेली से लखनऊ की तरफ जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने आए एक बाइक सवार को बचाने में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
टैंकर ने पीछे जाकर खड़ी बस में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस कई फीट तक घिसटती हुई सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। पुलिस मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। करीब आधे घंटे तक हाईवे पर आवागमन बाधित रहा। हरचंदपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटना में किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।