गदागंज (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में खेत में फसल की रखवाली करने गए किसान को सांड़ ने उठाकर पटक दिया। शोर सुनकर जब तक आसपास के लोग दौड़े, तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो चुका था।
गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से लखनऊ ट्रॉमा सेंटर के लिए रेफर किया गया। हालांकि बुजुर्ग ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
शेखूपुर गांव निवासी रामाधार मौर्य (70) खेत में आलू और गेहूं की फसल लगाए था। सोमवार शाम वह फसल की रखवाली करने गया था।
आलू की फसल में खड़े एक सांड़ को वह भगाने लगा, इसी दौरान सांड़ ने उस पर हमला कर दिया। सींग में फंसाकर कई बार उठाकर जमीन पर पटक दिया।
उसकी चीख सुनकर लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घायल किसान को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया गया। घर के लोग उसे लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।