शिवगढ़ (रायबरेली)। एक किशोरी का शव शनिवार की रात उसके कमरे के बिस्तर पर पड़ा मिला। किशोरी के गले में रस्सी का फंदा पड़ा था जिससे ग्रामीण खुदकुशी की आशंका जता रहे हैं। हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों ने बेटी की संदिग्ध हालात में हुई मौत की जांच कराने की मांग की है।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ढेकवा निवासी मृतका के पिता शिव प्रसाद के मुताबिक शिवगढ़ कस्बे में वह चाउमीन की दुकान चलाते हैं। शनिवार को पत्नी व बच्चों के साथ दुकान पर थे। घर पर उनकी 15 वर्षीय बेटी आरती अकेली थी। देर रात घर पहुंचे तो देखा कि आरती का शव बेड पर पड़ा था। उसके गले में रस्सी का फंदा पड़ा था। थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल के मुताबिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद किशोरी की मौत की सही वजह सामने आएगी। घटना की पड़ताल कराई जा रही है।