रायबरेली। गदागंज थाना क्षेत्र में रविवार रात गोविंदपुर माधव गांव में एक घर पर असलहों से लैस बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने दंपती की पिटाई कर नकदी, जेवरात समेत अन्य सामान लूट लिया।
बताते हैं कि शोरगुल पर ग्रामीण पहुंचे तो बदमाशों ने बचने के लिए असलहों से हवाई फायरिंग करके दहशत फैलाई। वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। खास बात ये रही कि सूचना पर यूपी 100 पुलिस तो मौके पर पहुंची, लेकिन स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
इससे पीड़ित पक्ष में नाराजगी है। बदमाशों की पिटाई से दंपती को गंभीर चोटें आई हैं। तहरीर पर अज्ञात दो बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
गोविंदपुर माधव गांव निवासी जगन्नाथ और उसकी पत्नी बिंदादेई रात में भोजन करने के बाद सो रहे थे। इसी बीच असलहों व डंडो से लैस बदमाशों ने धावा बोल दिया। दंपती ने विरोध किया।
इस पर बदमाशों ने जगन्नाथ और उसकी पत्नी बिंदादेई को डंडों से पीटकर घायल कर दिया। असलहे के दम पर बक्से की चाभी छीन ली और उसमें रखी एक हजार रुपये की नकदी के अलावा सोने-चांदी के जेवरात समेत दो लाख का सामान पार कर दिया।
बताते हैं कि बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए असलहों से फायरिंग भी की। लूटपाट की इस वारदात से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पीआरवी 1765 ने पड़ताल की थी।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष पंकज शरद ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो अज्ञात युवकों के विरुद्ध लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है जांच की जा रही है। फायरिंग की बात सामने नहीं आई है।