नसीराबाद। क्षेत्र से होकर गुजरने वाले मट्टन नाले में सोमवार को दोस्तों के साथ नहाने गया एक किशोर डूब गया। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। पुलिस, फायर ब्रिगेड और स्थानीय गोताखोरों की टीम देर शाम तक किशोर की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
नगर पंचायत नसीराबाद के वार्ड नंबर सात स्थित मोहल्ला कुरैश नगर निवासी आरिब अंसारी (15) पुत्र मुन्ना अंसारी सोमवार दोपहर करीब एक बजे अपने दोस्तों के साथ मट्टन नाले में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूब गया। आरिब को डूबता देख उसके साथी घबरा गए और घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। थानाध्यक्ष पवन कुमार सोनकर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम और स्थानीय गोताखोरों की मदद से नाले में खोज अभियान शुरू कराया गया। देर शाम तक कई घंटे तलाश की गई, लेकिन किशोर का कोई सुराग नहीं मिला।
घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मां सुरैया बेगम समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आरिब सात भाई-बहनों में सबसे छोटा था। थानाध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने बताया कि किशोर के कपड़े और चप्पल नाले के किनारे मिले हैं। गोताखोरों की मदद से तलाश कराई जा रही है।