महराजगंज। चंदापुर क्षेत्र के पूरे दौलत चांद मजरे समरहदा गांव में सोमवार रात सड़क के किनारे बैठे लोगों को एक तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। हादसे में 17 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। उसके पिता और भाई समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सोमवार शाम को राम खेलावन अपने दो बेटों रवि (17) और रविंद्र (14) के साथ खेतों में धान की सिंचाई करने गए थे। गांव के ही राममिलन और शिवशंकर भी पास के खेतों में पानी लगा रहे थे। सिंचाई के लिए खेतों में पानी लगाकर सभी खेत के पास से गुजरने वाले महराजगंज-निगोंहा मार्ग के किनारे बैठकर बातचीत कर रहे थे।
रात में मंजीता गांव निवासी आशीष बाइक से तेज रफ्तार में वहां से गुजरा। अनियंत्रित होकर बाइक सड़क किनारे बैठे लोगों पर चढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि चीख-पुकार मच गई। हादसे में 17 वर्षीय रवि की मौके पर ही मौत हो गई। रवि का छोटा भाई रविंद्र, पिता रामखेलावन, राममिलन और शिवशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने बाइक सवार आशीष को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी अमावां पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने रवि को मृत घोषित कर दिया, जबकि अन्य चारों घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने मृतक रवि के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया बाइक सवार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।