भदोखर थानाक्षेत्र में शुक्रवार को नाले में साथियों के साथ नहाने गया किशोर नाले में डूब गया। किशोर अपने बड़े भाई के साथ रक्षाबंधन में ससुराल आया था। घटना की जानकारी होने परिवारीजनों और ग्रामीणों का मजमा लग गया।
सूचना पर पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंची। गोताखोरों की मदद से खोजबीन की जा रही, लेकिन बहाव तेज होने के कारण अभी तक कुछ पता नहीं चला है। घटना से परिवारीजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है।
पूरे मोदनी का पुरवा मजरे मुरैठी गांव निवासी सुरजीत कुमार रक्षाबंधन को अपनी ससुराल पितंबरपुर मजरे कनौली आया था। उसके साथ उसका छोटा भाई रंजीत कुमार (10) भी आया था। रंजीत सुबह गांव के कुछ बच्चों के साथ गांव के बगल से निकले उसउर नाले में नहाने गया था।
इसी दौरान रंजीत गहराई में चला गया जिससे वह डूब गया। उसके साथियों ने घटना की जानकारी परिवारीजनों और ग्रामीणों को दी। देखते ही देखते लोगों का मजमा लग गया। सूचना पर भदोखर एसओ एसएन यादव फोर्स के साथ घटनास्थल पहुंचे।
गोताखोरों को बुलाकर खोजबीन शुरू कराई, लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। खोजबीन के लिए डलमऊ से भी खोताखोर बुलाए गए हैं। एसओ ने बताया कि किशोर की खोजबीन जारी है।
युवक तालाब में डूबा, मौत : तिलोई (रायबरेली)। मोहनगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दोस्तों के साथ नहाने गया एक युवक तालाब में डूब गया। ग्रामीणों और परिवारीजनों ने शव को बाहर निकाला। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
रस्तामऊ गांव निवासी अरबाद खान (18) दोपहर में अपने दोस्तों के साथ गांव स्थित तालाब में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहराई में चला गया। इससे वह पानी में डूब गया। दोस्तों ने इसकी जानकारी ग्रामीणों और परिवारीजनों को दी। जब तक लोग उसे बाहर निकालते, उसकी मौत हो गई।