रविवार को मौसम का मिजाज बदल गया। बूंदाबांदी से सर्दी बढ़ गई। दिनभर मौसम
में उतार चढ़ाव लगा रहा। पूर्वाह्न 11 बजे धूप निकली, लेकिन फिर बदली छा
गई। दोपहर में हलकी बूंदाबांदी भी हुई। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार को बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई। जबकि दो लोग झुलस गए।
मृतक किशोर उन्नाव जिले का रहने वाला था। उधर, खीरों क्षेत्र में भी बिजली गिरने के चलते दो मवेशियों की मौत हो गई। उन्नाव जिले के पुरवा थाना क्षेत्र के मर्वी नईमपुर निवासी राजेश (40) बाइक से महराजगंज क्षेत्र के मुरैनी गांव निमंत्रण में जा रहा था। साथ में उसका बेटा विपिन कुमार (17) भी था।
डेपारमऊ गांव के पास उस पर बिजली गिर गई। बिजली गिरने से विपिन कुमार की मौत हो गई। जबकि राजेश झुलस गया। विपिन व राजेश को सीएचसी महराजगंज पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने विपिन को मृत घोषित कर दिया। अमेठी जिले के सेमरौता निवासी रामकृष्ण गुप्ता महराजगंज से सेमरौता जा रहा था।
डेपारमऊ के पास ही बिजली गिरने से रामकृष्ण भी झुलस गया। उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। कोतवाल कुलदीप तिवारी का कहना है कि बिजली गिरने से घटना हुई है। किशोर के शव को पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। खीरों थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की रहने वाली सुंदारा लोधी के बैल और भैंस घर के बाहर बंधी थी।
इसी दौरान बिजली गिरने से बैल और भैंस की मौत हो गई। क्षेत्रीय कानूनगो दयाशंकर अग्निहोत्री गांव पहुंचे। मवेशियों की कीमत एक लाख रुपये थी। कानूनगो का कहना है कि पीड़ित परिवार को सरकारी मदद दिलाई जाएगी।