रायबरेली। जिलेभर के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले कक्षा एक से आठ तक के बच्चों को यूनिफॉर्म, जूता-मोजा, स्कूल बैग आदि के लिए 1200 रुपये की धनराशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिये आठ जुलाई को मिलेगी। इसी दिन शिक्षकों को कैशलेश कार्ड दिया जाएगा, जिससे उन्हें कैशलेश चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
वाराणसी में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यकम का सजीव प्रसारण इस जिले में तहसील स्तर किया जाएगा, जिसमें जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। जिला स्तर पर गोपाल सरस्वती विद्या मंदिर के सभागार में कार्यक्रम आयोजित करने की रूपरेखा बन रही है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि 8 जुलाई के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाने के लिए तहसील स्तर पर कार्यक्रम होंगे, जिसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया गया है। तहसील स्तरीय कार्यक्रम में 20-20 कैशलेस कार्ड बांटे जाएंगे। डीबीटी का वितरण भी होगा।