ऊंचाहार-उन्नाव रेलखंड पर निहस्था रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार सुबह एक सहायक शिक्षक की लाश रेल ट्रैक पर पड़ी मिली। बुधवार शाम घर से निकले सहायक शिक्षक ने खुदकुशी की या उनके साथ कोई हादसा हुआ?
ये स्पष्ट नहीं हो सका। हालांकि परिवारीजन आत्महत्या की आशंका जता रहे हैं। ऊंचाहार जीआरपी थानेदार मनोज सोनकर का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।
खीरों के जगन्नाथगंज मजरे सेमरी निवासी हरिओम गुप्ता (34) पुत्र श्रीराम गुप्ता वर्ष 2005 से प्राथमिक विद्यालय जगन्नाथ गंज में शिक्षमित्र पद पर तैनात थे। बीती 11 मई को उन्हें प्राथमिक विद्यालय मानपुर में सहायक शिक्षक पद पर तैनाती मिली थी।
बुधवार दोपहर वह लालगंज तहसील जाने की बात कहकर बाइक से निकले थे। सेमरी चौराहा पर पुलिस चौकी के सामने एक दुकान पर बाइक खड़ी करके हरिओम कहीं चले गए।
देर रात तक घर नहीं पहुंचे तो परिवारीजनों ने फोन किया मगर रिंग होने पर भी कॉल रिसीव नहीं हुई। इस पर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की लेकिन कुछ पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह रघुराज सिंह और निहस्था रेलवे स्टेशन के बीच बभन खेड़ा शंभूनाथ मंदिर के सामने रेल ट्रैक पर हरिओम का शव मिलने की खबर मिली तो घर में कोहराम मच गया।
मां रमादेवी, बड़ा भाई राजेश गुप्ता और प्रदीप गुप्ता सहित अन्य परिवारीजन मौके पर पहुंचे। भाई राजेश व प्रदीप का कहना है कि शिक्षामित्रों को सहायक शिक्षक बनाने पर रोक की खबर से हरिओम परेशान थे।