रायबरेली। जिले के बेसिक शिक्षा विभाग को 54 और शिक्षक मिलेंगे। प्रदेश स्तर पर जारी गई चयन सूची में 54 शिक्षकों को रायबरेली जिला आवंटित किया गया है।
इनमें ज्यादातर अभ्यर्थी इसी जिले के बताए गए हैं। काउंसलिंग के लिए 28 एवं 29 जून की तिथि निर्धारित की गई है, लेकिन अभी जिला स्तर पर काउंसलिंग का कोई कार्यक्रम तय नहीं हुआ है।
प्रदेश के परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में 69,000 सहायक अध्यापक भर्ती के अंतर्गत पहले ही 600 से अधिक शिक्षक इस जिले में नियुक्त किए जा चुके हैं। प्रदेश में रिक्त रह गए 6696 पदों पर भर्ती के लिए अनंतिम चयन सूची जारी करने के साथ ही अभ्यर्थियों को जिला आवंटित कर दिया गया है।
इस सूची में 54 अभ्यर्थियों को रायबरेली जिला आवंटित किया गया है। बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से जारी सूची में यह भी कहा गया है कि सभी अभ्यर्थी अपने आवंटित जिले के बीएसए दफ्तर में 28 एवं 29 जून को होने वाली काउंसलिंग में भाग लें।
जनपदीय चयन समिति के समक्ष अपने अभिलेखों को परीक्षण के लिए प्रस्तुत करेंगे। भले ही काउंसलिंग के लिए समय सारिणी जारी की गई है, लेकिन अभी इस जिले में कोई तिथि तय नहीं की गई है।
प्रदेश स्तर पर सूची तो जारी हुई है, लेकिन इस जिले को आवंटित किए गए अभ्यर्थियों की अलग से कोई सूची नहीं मिली है। फिलहाल चयनित अभ्यर्थियों की संख्या काफी कम है, इसलिए काउंसलिंग में ज्यादा समय नहीं लगेगा। एक दिन में प्रक्रिया पूरी कर लिए जाने की संभावना है।
खंड शिक्षा अधिकारी (मुख्यालय) वीरेंद्र कुमार कनौजिया ने बताया कि जिले को 54 अभ्यर्थी आवंटित किए गए हैं। काउंसलिंग के लिए 28-29 जून का समय दिया गया है। काउंसलिंग किस तिथि को कराई जाएगी, यह अभी तय नहीं हुआ है।