सम्मानित किए गए सेवानिवृत्त शिक्षक।
- फोटो : RAIBARAILY
रायबरेली। उत्तर प्रदेशीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ की ओर से शुक्रवार को पूर्व माध्यमिक विद्यालय चक अहमदपुर में सम्मान समारोह और शिक्षा उन्नयन गोष्ठी हुई। इस मौके पर मार्च में सेवानिवृत्त होने वाले जिले के 160 शिक्षक- शिक्षिकाओं को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश शर्मा ने कहा, रिटायरमेंट के बाद भी शिक्षक खाली न बैठें, बल्कि पास के विद्यालयों में जाकर शिक्षा दान देते रहें और विभिन्न प्रकार से समाजसेवा में सक्रिय रहें।
विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी सीमा पांडेय ने सेवानिवृत्त शिक्षकों को आश्वासन दिया कि उनके देयकों का समय से भुगतान कराया जाएगा। निरीक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री वीरेंद्र कनौजिया ने शिक्षकों को आगामी जीवन के सुखमय होने की मंगल कामना की।
जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष समर बहादुर सिंह ने स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रमेश शंकर त्रिवेदी और संचालन राघवेंद्र यादव ने किया। उपेंद्रनाथ वाजपेयी ने आभार जताया। इस मौके पर शिवशरण सिंह, सियाराम सोनकर, मुकुंद सिंह, आशीष तिवारी व अजीत सिंह आदि मौजूद रहे।