बछरावां (रायबरेली)। एसटीएफ और बछरावां थाने की पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गैंग का पर्दाफाश किया गया है। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर खुदीखेड़ा गांव के पास पांच किलो अफीम के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है। मौके से एक फरार हो गया। पकड़ी गई अफीम की कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।
गत रविवार की देरशाम एसटीएफ लखनऊ के उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, मनोज पांडेय, हेड कांस्टेबल रुद्र नारायण उपाध्याय, संतोष सिंह, अशोक राजपूत, विजय वर्मा तथा बछरांवा पुलिस से उपनिरीक्षक राजीव सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह, तौसीफ खान, लोकेंद्र कुमार व अवधेश कुमार की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी करने वाले गैंग को पकड़ा। मुखबिर की सूचना पर थाना क्षेत्र के लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर खुदीखेड़ा गांव के पास वाहन चेकिंग अभियान में कार को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान कार की पिछली सीट पर रखें एक पैकेट से पांच किलो अफीम बरामद की गई। इसी बीच गिरोह का सरगना अकरम निवासी बरेली मौका पाकर फरार हो गया। कार सवार अन्य चार आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपितों की पहचान राकेश कुमार पुत्र महंगीराम, सुरेंद्र सिंह पुत्र स्व जसवंत सिंह निवासीगण बीआरएस नगर जनपद लुधियाना पंजाब, अली मोहम्मद अंसारी पुत्र स्व अलाउद्दीन निवासी ग्राम गठगाव थाना पिपरा जनपद पलामू झारखंड, अरुण गौतम पुत्र खेमन गौतम निवासी सुंदरपुर थाना संडीला जनपद हरदोई के रूप में हुई है।
सीओ महाराजगंज राघवेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि एसटीएफ व बछरावां पुलिस की संयुक्त टीम कार व पांच किलो अफीम के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई अफीम की कीमत करीब 30 लाख आंकी जा रही है। पकड़े गए सभी आरोपियों को संबंधित धाराओं के तहत जेल भेज दिया गया है।