रायबरेली। पूर्व मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमले के बाद दो युवकों की पिटाई का मामला अब तूल पकड़ रहा है। बृहस्पतिवार को दोनों युवकों के पिता परशुराम सेना के पदाधिकारियों के साथ मिल एरिया थाने पहुंचे। पूर्व मंत्री और उनके समर्थकों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पूर्व मंत्री के कहने पर ही समर्थकों व अंगरक्षकों ने युवकों काे पीटा। पूर्व मंत्री और उनके समर्थकों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर परशुराम सेना के पदाधिकारियो ने धरना-प्रदर्शन करने का ऐलान किया। सारस तिराहे पर बुधवार को स्वागत के दौरान युवक ने पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य को थप्पड़ जड़ दिया था।
बाद में पूर्व मंत्री के अंगरक्षकों व समर्थकों ने युवक और उसके साथी को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा था। पूर्व मंत्री के हमले के मामले में देर शाम मिल एरिया पुलिस ने ऑटी नौगवां गांव निवासी शिवम यादव, कौरापुर गौरा निवासी रोहित द्विवेदी के अलावा युवकों की पिटाई में शामिल डीह थाना क्षेत्र के खुरहटी निवासी दिलीप कुमार मौर्य को जेल भेजा था।
सुबह परशुराम सेना के प्रदेश अध्यक्ष अवनीश पांडेय, अजय मिश्रा एडवोकेट, रिशू वाजपेयी, सुभाष कुमार, राकेश द्विवेदी, शोभित द्विवेदी, देवेश शुक्ला की अगुवाई में शिवम यादव के पिता कृष्ण कुमार यादव और रोहित द्विवेदी के पिता अमरेश कुमार द्विवेदी थाने पहुंचकर अलग-अलग तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की।
शिवम के पिता की ओर से मिल एरिया थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि छह अगस्त को गांव के बगल के रहने वाले दिलीप मौर्य उनके बेटे शिवम यादव, दोस्त रोहित को घर से करीब 10 बजे बुला ले गए थे। दोनों गोरक्षा दल के सदस्य हैं। स्वागत के दौरान भीड़ में धुन्नी सिंह मौर्या निवासी किशुनपुर ने जोर से धक्का मारा था। इससे रोहित पूर्व मंत्री के ऊपर गिर गया।
इतने में स्वामी प्रसाद मौर्य ने ललकारते हुए गालीगलौज की। कहा कि जान से बचने न पाए। तभी धुन्नी मौर्या, प्रेमचंद्र मौर्या, सुशील उर्फ विनोद, नीरज मौर्या, रोहित मौर्या तथा स्वामी प्रसाद के निजी अंगरक्षक तथा 12 अज्ञात लोगों ने जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। रोहित के पिता ने भी पूर्व मंत्री और उनके समर्थकों के खिलाफ तहरीर दी है। मिल एरिया थाना प्रभारी अजय कुमार राय ने बताया कि दोनों युवकों की पिटाई के मामले की दो तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।