रायबरेली। स्वाइन फ्लू के 11 मरीज मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीमें मरीजों के घर पहुंचीं। टीमों ने जांच की और 35 से अधिक लोगों को दवा दी।
शहर के बस्तेपुर की एक वृद्धा की घुटने की सर्जरी लखनऊ के एक निजी अस्पताल में हुई थी। सर्जरी के बाद उनमें और उनके पति में स्वाइन फ्लू के लक्षण दिखे। जांच में यह दंपती संक्रमित पाए गए। सुल्तानपुर रोड निवासी एक अभियंता का बेटा दिल्ली से लौटने के बाद संक्रमित मिला। इंजीनियर्स कॉलोनी के एक अन्य व्यक्ति में भी दिल्ली से लौटने के बाद संक्रमण की पुष्टि हुई। लखनऊ के अपोलो और मेदांता प्रयोगशाला की जांच में गत बुधवार को 11 लोग संक्रमित पाए गए थे।
स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई बृहस्पतिवार को शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक डॉ. राहुल की टीम संक्रमित दंपती के घर पहुंची। उनके साथ फार्मासिस्ट दिलीप कुमार भी थे। जांच में परिवार के अन्य सदस्यों में स्वाइन फ्लू के लक्षण नहीं मिले। प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शुक्ला ने बताया कि सभी मरीजों के घर टीमें भेजी गई हैं। सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षकों को सतर्क किया गया है। लक्षण वाले मरीजों की जांच कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।
सीएमओ कार्यालय में तैनात एपिडेमियोलॉजिस्ट ऋषी बागची को स्वाइन फ्लू व अन्य संक्रामक बीमारियों पर नियंत्रण रखने की जिम्मेदारी दी गई है। बृहस्पतिवार को संक्रमित मरीजों के घरों में टीमें जांच करने गई थीं, लेकिन अधिकारी दिन में ही लखनऊ चले गए। इसकी शिकायत प्रभारी सीएमओ से की गई है। उन्होंने अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने के निर्देश दिए हैं।