सलोन (रायबरेली)। गंगा एक्सप्रेसवे पर सलोन और प्रतापगढ़ सीमा के बीच मिर्जहांपुर गांव के पास मंगलवार रात भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दिल्ली से जौनपुर जा रही तेज रफ्तार एसयूवी एक्सप्रेसवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एसयूवी पलट गई और उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
जौनपुर जिले के ढीलमपुर थाना सुजानपुर निवासी गुरुचरन सिंह और नीरज सिंह दिल्ली में रहते हैं। मंगलवार दोपहर गुरुचरन सिंह (35) पुत्र राजेंद्र सिंह, नीरज सिंह (42), सरोज सिंह (58) पत्नी राजेंद्र सिंह, संगीता सिंह (22) पुत्री नीरज सिंह, समृद्धि (7) पुत्री गुरुचरन सिंह, प्रतिभा (30) पत्नी गुरुचरन, सविता सिंह (40) पत्नी नीरज और समर्थ पुत्र गुरुचरन सिंह एसयूवी से दिल्ली से जौनपुर के लिए रवाना हुए थे।
बताया जाता है कि मेरठ से एसयूवी को गंगा एक्सप्रेसवे पर चढ़ाया गया। रात करीब 9:30 बजे सलोन और प्रतापगढ़ सीमा के पास मिर्जहांपुर गांव के निकट एक्सप्रेसवे किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से एसयूवी टकरा गई। हादसे में सरोज सिंह, संगीता सिंह और सात वर्षीय समृद्धि की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, गुरुचरन सिंह, प्रतिभा, सविता सिंह, समर्थ और नीरज सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर यूपीसीडा की टीम और सलोन पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ यादुवेंद्र पाल सिंह, इंस्पेक्टर बालेंदु गौतम और दरोगा रामभवन पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से संग्रामगढ़ सीएचसी भेजा गया। वहां से नीरज सिंह और समर्थ को एम्स रायबरेली रेफर किया गया, जबकि अन्य घायलों को परिजन निजी अस्पताल ले गए।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि सभी लोग बुधवार को जौनपुर के ग्राम ढीलमपुर में आयोजित रामचरित मानस पाठ में शामिल होने जा रहे थे। सीओ यादुवेंद्र पाल सिंह ने बताया कि सड़क किनारे खड़े वाहन से एसयूवी टकराने के कारण हादसा हुआ। तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि पांच घायल हैं। मामले की जांच की जा रही है।