महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में महिला की मौत के बाद गमगीन परिवारीजन।
महराजगंज। रायबरेली-अयोध्या हाइवे पर सोमवार सुबह टहलने के लिए घर से निकली चाची-भतीजी को बेकाबू डंपर ने कुचल दिया। हादसे में चाची की मौके पर मौत हो गई। भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गई। चालक डंपर लेकर भाग निकला। हालत गंभीर होने पर भतीजी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
चंदापुर के पूरे भगवानदीन मजरे घूराडीह गांव की श्रीमती (44) पत्नी काशी प्रसाद सुबह छह बजे भतीजी सरोजा (15) के साथ टहलने निकली थी। दोनों हाईवे पर स्वामी दयानंद इंटर कॉलेज के पास फौजी ढाबा के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान अमेठी जिले के मोहनगंज की तरफ से पीछे से आए बेकाबू डंपर ने दोनों को टक्कर मार दी।
इससे श्रीमती डंपर के पहिये की चपेट में आ गई और उनकी मौके पर मौत हो गई। भतीजी सरोजा के पैरों में गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने घायल को सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर किया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि डंपर की रफ्तार बहुत तेज थी।
हादसा होने के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। सुबह का वक्त होने के चलते डंपर चालक को पकड़ा नहीं जा सका। मौके पर आई पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के जरिए ट्रक चालक की पहचान करने में जुटी रही। चंदापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
परिजनों के थम नहीं रहे आंसू
महिला की मौत से अपनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। काशी प्रसाद खेती करते हैं। उनकी बड़ी बेटी शिवानी की शादी हो चुकी है। बेटा राज (15), बेटी सीमा (16) हैं। काशी प्रसाद कहते हैं कि जानकारी पर मौके पर पहुंचा तो पत्नी की मौत हो चुकी थी। यह सब इतनी जल्दी हो गया कि उन्हें कुछ समझ में ही नहीं आया। मां की मौत से बेटे और बेटी गमगीन हैं।