रायबरेली। टीजीटी परीक्षा के दौरान बृहस्पतिवार को जीजीआईसी स्कूल के गेट पर अभ्यर्थियों की तलाशी के दौरान शक होने पर एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद युवक की तबीयत बिगड़ने लगी। पुलिस ने उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के बाद पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। इस मामले में देर रात तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं की है।
बृहस्पतिवार को टीजीसी की परीक्षा के दूसरे दिन शहर के जीसीआईसी स्कूल के गेट पर अभ्यर्थियों की तलाशी ली जा रही थी। सभी अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जा रही थी। इस बीच एक युवक पर पुलिस को शक हुआ। उसकी उम्र और हुलिया अलग सा दिखा तो उसे लाइन से बाहर निकाल लिया गया। पुलिस अभी यह नहीं बता पा रही है कि युवक साल्वर है या अभ्यर्थी। एसपी रवि कुमार ने बताया कि संदिग्ध युवक को पकड़ा गया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। (संवाद)