इसमें एक प्रधान पद के प्रत्याशी का बेटा घायल हो गया। सूचना मिलते ही डीएम व एसपी कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे तो मामला शांत हुआ।
दोनों अधिकारियों ने गांव का जायजा लेकर मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान की बात कही। पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया है।
ऊंचाहार क्षेत्र के मतदान केंद्र रामपुर सांडा पर सुबह मतदान हो रहा था। इसी दौरान प्रधान पद के दो प्रत्याशी राम बहादुर सिंह और अखिलेश मौर्या के बीच वोटिंग को लेकर विवाद हो गया।
बात इतनी बढ़ी कि दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों में मारपीट हो गई। इसमें प्रधान पद प्रत्याशी राम बहादुर का बेटा शिवेंद्र घायल हो गया।
सूचना पर डीएम सूर्यपाल गंगवार व एसपी श्रीकांत सिंह कई थानों की फोर्स के साथ मतदान केंद्र पर पहुंचे। ऊंचाहार थानेदार जीडी शुक्ला ने बताया कि प्रधान पद के दो प्रत्याशियों के बीच वोटिंग को लेकर मारपीट हुई थी।
आधा दर्जन को हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। जगतपुर ब्लॉक क्षेत्र के मतदान केंद्र मनोहरगंज पर मक्खनलाल वोट डालने पहुंचा था।
बताते हैं कि उसने बैलेट पेपर पर पहले मोहर लगाई। इसके बाद मोबाइल से उसकी फोटो खींच ली। यह देख पीठासीन अधिकारी खफा हो गए। उनकी सूचना पर पुलिस ने मक्खनलाल को हिरासत में ले लिया।
थानेदार कमलेश पांडेय ने बताया कि बैलेट पेपर की फोटो करने पर मक्खनलाल को हिरासत में लिया गया है। दीनशाहगौरा ब्लॉक क्षेत्र में भी मतदान में वोटरों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।
मतदान केंद्र खजुरी के अंदर रवींद्र प्रताप सिंह, आदित्य सिंह, अरुणेंद्र सिंह व चंदन सिंह मोबाइल का प्रयोग कर रहे थे। इस पर सभी को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि शाम तक थाने पर बैठाने के बाद सभी को छोड़ दिया गया।