खाकी के अंदाज भी निराले हैं। चोर तो चोर, पुलिस वाले भी चोरी की बाइक से फर्राटा भर रहे हैं। कुछ ऐसा ही एक मामला मंगलवार को सामने आया। एक दरोगा चोरी की बाइक से घूम रहा था। उसे अपनी बाइक चलाता देख पीड़ित पहचान गया तो दरोगा भौचक रह गया।
गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन के साथ हंगामा करना शुरू कर दिया। दरोगा के साथ हाथापाई भी हुई, लेकिन पुलिस इससे इंकार कर रही है। पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत कराया। साथ ही बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
गोरा बाजार निवासी सोनू पाल की बाइक एक साल पहले गायब हो गई थी। उसने बाइक चोेरी की रिपोर्ट मिल एरिया थाने में दर्ज कराई थी। दोपहर के वक्त एक दरोगा बाइक लेकर गोरा बाजार पहुंचा। सोनू पाल की नजर बाइक पर पड़ी तो वह दरोगा के करीब पहुंच गया।
सोनू ने यह कहते हुए सबको सकते में ला दिया कि दरोगा जिस बाइक से घूम रहा है, वह उसकी बाइक है। दरोगा इससे इंकार करने लगा। विवाद शुरू होने पर सोनू पक्ष की तरफ से अन्य लोग भी पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
लोगों ने दरोगा के साथ हाथापाई भी की। जानकारी मिलने पर सदर कोतवाल सुधीरचंद्र पांडेय पहुंच गए। कोतवाल ने मामला शांत कराया। इसके बाद बाइक को कब्जे में लेकर कोतवाली ले जाया गया। दरोगा का नाम श्रवण कुमार मिश्रा बताया जा रहा है, जो इंदिरा नगर चौकी में तैनात है।
उधर, दरोगा श्रवण कुमार मिश्रा का कहना है कि गोराबाजार में चेकिंग के दौरान एक युवक बाइक छोड़कर भाग गया। इस बाइक से उनका कोई लेना देना नहीं हैै। एसपी गाैरव सिंह का कहना है कि दरोगा के चोरी की बाइक से फर्राटा भरने की जानकारी मिली है।
पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। दरोगा का नाम श्रवण कुमार मिश्रा बताया गया है। यदि चोरी की बाइक से दरोगा के घूमने की बात सही पाई गई तो उसके खिलाफ एफआईआर के साथ निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।