तार से गला घोंटकर छात्र की हत्या
सबहेड : गंगा किनारे फेंका शव, डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में वारदात से दहशत
- एएसपी ने घटनास्थल लिया जायजा, फोरेंसिक टीम ने लिए फिंगर प्रिंट
- बीए प्रथम वर्ष का था छात्र, दो नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस
रायबरेली। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात बाइक के क्लच तार से गला घोंटकर एक छात्र की हत्या कर शव गंगा नदी किनारे फेंक दिया गया। सुबह नदी किनारे छात्र का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एएसपी ने मौके पर पड़ताल की। फोरेंसिक टीम ने फिंगर प्रिंट लिए। वारदात की कोई वजह अभी तक सामने नहीं आई है। पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद समेत कई अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।
डलमऊ कस्बे के शेरेनेदासपुर निवासी अंकुश उर्फ प्रियांशु (19) पुत्र मदन तिवारी सोमवार शाम अपने दोस्तों के साथ बाइक से घर से निकला था और देर रात तक घर वापस नहीं आया था। अंकुश बीए प्रथम वर्ष का छात्र था और मंगलवार को उसका पेपर था। परिवारीजनों ने उसके मोबाइल पर फोन मिलाया, लेकिन मोबाइल बंद जा रहा था।
मंगलवार सुबह पूरे गुरुदीन मजरे रसूलपुर धरावां गांव के पास गंगा नदी के किनारे अंकुश का शव मिलने से दहशत फैल गई। उसकी बाइक के क्लच वायर से गला घोंटकर हत्या की गई थी। इसके बाद शव नदी किनारे फेंका गया। जानकारी होने पर एएसपी नित्यानंद राय, सीओ डलमऊ आरपी शाही, कोतवाल श्रीराम मौके पर पहुंचकर पड़ताल की।
कोतवाल बताया कि पिता मदन तिवारी की तहरीर पर डलमऊ कस्बे के पिंटू जोशी और पप्पू जोशी और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या कर शव को छिपाने की धारा में केस दर्ज किया गया है। इसमें पिंटू जोशी पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। युवक की हत्या करने के बाद उसके शव को गंगा नदी किनारे फेंका गया।
इसके बाद बाइक को घटनास्थल से तीन किमी दूर जाकर फेंका, ताकि किसी को वारदात की जानकारी न हो सके। पिता मदन तिवारी ने बताया कि मृतक प्रियांशु नशे का आदी था और प्राय शराब पीने के लिए डलमऊ कस्बे के पास स्थित गांव सुरजूपुर जाया करता था। बाइक के क्लच वायर तार गायब था।
वारदात की अभी तक कोई वजह सामने नहीं आई है, लेकिन जिस तरह वारदात को अंजाम दिया गया है, उससे आशंका है कि यह तो नशे के दौरान किसी से युवक का झगड़ा हुआ होगा। उस पर उसका कत्ल कर दिया गया। वहीं कुछ लोग प्रेम-प्रसंग के चलते भी मर्डर किए जाने की आशंका जता रहे हैं।
छात्र की हत्या के मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की जांच कराई जा रही है। अभी तक हत्या की कोई वजह सामने नहीं आई है। कई बिंदुओं पर जांच चल रही है। जल्द मर्डर का खुलासा करके आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।- नित्यानंद राय, एएसपी