अमेठी जिले के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम कुएं में गिरने से एक बालिका की मौत हो गई। खोजबीन के दौरान सुबह उसका शव कुएं में पाया गया। यह घटना उस समय हुई, जब वह मवेशी चराने गई थी।
सूचना पर पुलिस गांव पहुंची। परिवारीजनों से पूछताछ की। घर वालों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
पूरे पंचम मजरे जैतपुर गांव निवासी सत्यनाम की 12 वर्षीय पुत्री सोनी गांव के प्राथमिक विद्यालय में कक्षा पांच की छात्रा थी। सोमवार को मवेशी चराने गई थी।
देर शाम तक मवेशी तो घर आ गए, लेकिन सोनी घर नहीं आई। इस पर परिवारीजनों ने ग्रामीणों के साथ खोजबीन की, लेकिन कुछ पता नहीं चला। सुबह फिर तलाश की तो उसका शव गांव के बाहर कुएं में मिला।
घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों का मजमा लग गया। घटना के बाद मां श्रीमती, बड़ा भाई अयोध्या प्रसाद, राजकुमार व दो बहनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। एसओ दिनेश कुमार ने बताया कि कुएं में गिरने से बालिका की मौत हुई है।