पिपरहवा चौराहा। तुलसीपुर क्षेत्र के लाल नगर सिपहिया गांव में बृहस्पतिवार रात एक 17 वर्षीय छात्र की मौत हो गई है। शुक्रवार सुबह जब परिजनों की नजर घर के पास स्थित बेल के पेड़ पर पड़ी तो वहां छात्र का शव लटका मिला।
मृतक की पहचान अंकुश विश्वकर्मा उर्फ साजन के रूप में हुई है, जो ताल्लुकदार सिंह इंटर कॉलेज, लौकहवा में इंटरमीडिएट का छात्र था। परिजनों के मुताबिक बृहस्पतिवार को घोषित यूपी बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में वह लगातार दूसरी बार असफल हो गया था। इसी बात को लेकर वह तनाव में था।
परिजनों ने बताया कि बृहस्पतिवार की रात सभी ने साथ बैठकर भोजन किया था। अंकुश भी सामान्य दिखाई दे रहा था और किसी तरह की परेशानी जाहिर नहीं की। इसके बाद सभी लोग सोने चले गए। शुक्रवार सुबह जब घर के लोग उठे तो अंकुश घर में नहीं मिला। घर के पास पेड़ से उसका शव लटका देख परिवार के लोगों के होश उड़ गए।
ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पूरे गांव में मातम फैल गया। अंकुश की दो बहनों की शादी हो चुकी है। तीन भाई मोतीलाल, धर्मेंद्र और रवि मुंबई में रहकर मजदूरी करते हैं। प्रभारी निरीक्षक सुधीर सिंह ने बताया कि छात्र के मौत की जानकारी हुई है। परीक्षा परिणाम से जाेड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल परिजन भी ज्यादा कुछ बता नहीं पा रहे हैं।
बच्चों का बढ़ाना चाहिए मनोबल
असफलता को लेकर परिवार और समाज का सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि छात्र खुद को अकेला महसूस न करें। ऐसे समय में अभिभावकों को बच्चों के साथ संवाद बनाए रखना चाहिए और उनका मनोबल बढ़ाना चाहिए ताकि वे किसी नकारात्मक विचार से दूर रह सकें।
डॉ. रमेश पांडेय, प्रभारी चिकित्साधिकारी मानसिक रोग विभाग