रायबरेली। ऊंचाहार तहसील में तैनात खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) के खाद्य सुरक्षा अधिकारी (एफएसओ) पर लगाए गए गंभीर आरोपों को मुख्यमंत्री कार्यालय ने गंभीरता से लिया है। अनुसचिव अरविंद सिंह ने डीएम को जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। एफएसओ पर अवैध वसूली, आईजीआरएस पर शिकायत के बाद मनमाने तरीके से निस्तारण कर बचाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
रक्षाबंधन पर मिलावटी मिठाई की बिक्री रोकने के लिए गत छह अगस्त को एफएसडीए की टीम ने ऊंचाहार तहसील क्षेत्र में अभियान चलाया था। ऊंचाहार एफएसओ के नेतृत्व में टीम ने ऊंचाहार के एक प्रतिष्ठित होटल में करीब एक घंटे तक रुककर नाश्ता व खाना खाया था। आरोप है कि सेटिंग होने के कारण घटिया मिठाई की बिक्री की आशंका होने के बाद भी यहां कोई कार्रवाई नहीं की थी। इस मामले में अधिवक्ता इमरान खान ने आईजीआरएस पर शिकायत की थी, लेकिन बिना जांच किए ही शिकायत का निस्तारण कर दिया गया। इस पर मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की गई। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसचिव अरविंद सिंह ने डीएम को मामले की जांच कराकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अभिहित अधिकारी डॉ. सीआर प्रजापति का कहना है कि मामला संज्ञान में नहीं है।