महराजगंज ब्लॉक क्षेत्र के मऊ बाजार में शुक्रवार को शॉर्टसर्किट से रेडीमेड कपड़ों की दुकान में आग लग गई। इससे 20 लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया।
लोगों के प्रयास से जब तक आग बुझाई जाती, तब तक पूरा सामान जल गया। क्षेत्रवासियों की सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड मौके पर नहीं पहुंची। इससे व्यापारी और क्षेत्रीय लोगों में गहरी नाराजगी है।
मऊ गांव निवासी राधेश्याम तिवारी मऊ बाजार में रेडीमेड कपड़े की दुकान खोले हैं। शुक्रवार को वह लखनऊ दुकान का सामान खरीदने गए थे। देर शाम वापस लौटा और सीधे घर चला गया।
रात में दुकान से धुआं निकलने की सूचना आसपास के ग्रामीणों ने दुकानदार को दी। सूचना पर दुकान का शटर खोला गया तो उसके अंदर रखे कपड़े सुलग रहे थे। रेडीमेड पैंट, शर्ट, जींस, साड़ी सबकुछ जल गया।
आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। पीड़ित ने बताया कि आग से करीब 20 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आशंका है कि दुकान के अंदर रखे इनवर्टर में शॉर्टसर्किट होने से आग लगी है।