रायबरेली। कानपुर में गंगा पुल की डाउन रेल लाइन पर 2 अप्रैल से काम शुरू होगा, जो 13 मई तक चलेगा। यानी कि 42 दिन तक कानपुर रूट की ज्यादातर ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बाधित हो जाएगा।
इस जिले से कानपुर की तरफ जाने वाली ट्रेनें बंद रहेंगी। सिर्फ इंटरसिटी एक्सप्रेस को चलाया जाएगा। इस ट्रेन पर दबाव बढ़ने के साथ ही यात्रियों को अपनी योजना के अनुरूप यात्रा करने के लिए रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ेगा। जिले से गुजरने वाली कई ट्रेनें लखनऊ के रास्ते तो कई ट्रेनें ऊंचाहार, डलमऊ, लालगंज के रास्ते कानपुर जाती हैं।
कानपुर में गंगा पुल पर सुधार कार्य होना है, जिसकी वजह से पांच ट्रेनें रद्द रहेंगी, वहीं पांच ट्रेनें रूट डायवर्जन के कारण नहीं आएंगी। इन ट्रेनों से सफर करने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ जाएंगी। रायबरेली स्टेशन के साथ ही बछरावां, हरचंदपुर, ऊंचाहार, डलमऊ, लालगंज समेत अन्य रेलवे स्टेशनों से सफर करने वाले यात्रियों को रोडवेज बसों का सहारा लेना पड़ सकता है। वजह यह कि कानपुर जाने के लिए महज प्रतापगढ़-कानपुर इंटरसिटी ही मिलेगी, जिसमें पहले से ही बहुत अधिक भीड़ रहती है। ऐसे में अन्य ट्रेनों के यात्रियों को जगह मिल पाना संभव नहीं दिख रहा है।
जिन ट्रेनों को निरस्त किया गया है, उनमें कानपुर-रायबरेली पैसेंजर, रायबरेली-कानपुर पैसेंजर, प्रयागराज-कानपुर पैसेंजर, कानपुर-प्रयागराज पैसेंजर और कानपुर-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस शामिल है। ये ट्रेनें 2 अप्रैल से 13 मई तक निरस्त रहेंगी।
चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस, आगरा-कोलकाता एक्सप्रेस, भोपाल-प्रतापगढ़ एक्सप्रेस, मुंबई-प्रतापगढ़ उद्योग नगरी एक्सप्रेस और आनंद विहार-पुरी नीलांचल एक्सप्रेस दूसरे रास्तों से चलेगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी ने बताया कि गंगा पुल की रेल लाइन दुरुस्त कराने के लिए काम कराया जाएगा।