पत्थर फेंके जाने के कारण वंदेभारत एक्सप्रेस में चटका शीशा।
रायबरेली। वंदेभारत एक्सप्रेस पर बुधवार को फिर पत्थर फेंके जाने से शीशा चटक गया। जिस कोच में घटना घटी, उसमें सफर कर रहे यात्री ने जानकारी दी तो घटना का पता चला। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ऊंचाहार ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। यह घटना ऊंचाहार के निकट बताई गई है, हालांकि घटना की सही लोकेशन के लिए सीसीटीवी फुटेज मंगाई गई है।
वंदेभारत एक्सप्रेस शनिवार को छोड़कर बाकी छह दिन गोरखपुर और प्रयागराज के बीच चलती है। यह ट्रेन सुबह प्रयागराज की ओर रवाना होती है और शाम को गोरखपुर लौटती है। बुधवार को सुबह वंदेभारत एक्सप्रेस रायबरेली से चलने के बाद प्रयागराज की ओर दौड़ रही थी। ट्रेन रामचंदपुर से निकलने के बाद ऊंचाहार पहुंचने वाली थी, तभी किसी ने ट्रेन पर पत्थर फेंका, जिससे कोच संख्या सी-14 का शीशा चटक गया।
गनीमत रही कि कोई यात्री चोटिल नहीं हुआ। कोच में सफर कर रहे यात्री देवांश राजन पांडेय ने घटना की जानकारी ट्रेन के लोको पायलट को दी। आरपीएफ की टीम ने यात्री के बताए घटनास्थल के आसपास छानबीन भी कराई गई, लेकिन कहीं कोई सुराग हाथ नहीं लगा। आरपीएफ ऊंचाहार के प्रभारी एसके सिंह ने बताया कि वंदेभारत में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मंगाई जाएगी।
जागरूकता का नहीं दिख रहा असर
वंदेभारत एक्सप्रेस पर बुधवार को हुई घटना पहली नहीं है, बल्कि इससे पहले भी कई वारदात हो चुकी हैं। सितंबर महीने में भी रामचंद्रपुर के पास ट्रेन पर पत्थर फेंका गया था। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल और राजकीय रेलवे पुलिस लगातार मुहिम चला रही है, ताकि लोगों को जागरूक किया जा सके। इसके बावजूद घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। जागरूकता अभियान के अंतर्गत ट्रैक किनारे बसे गांवों के ग्रामीणों, खेतों में जानवर चराने वाले चरवाहों, मैदानों में खेलने वाले बच्चों को समझाया जा रहा है। हाल ही में कई बड़े अफसर क्षेत्र में निरीक्षण कर चुके हैं।