बछरावां थानाक्षेत्र में शुक्रवार की देर शाम घर जा रही महिला को बेकाबू ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। चालक हादसे के बाद ट्रक समेत भाग गया। उधर, शहर में त्रिपुला चौराहा पर कार की टक्कर से ऑटो पलट गया। इससे चार मुसाफिर घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
बछरावां थाना क्षेत्र के कन्नावां गांव की रहने वाली कोंसा देवी (50) देर शाम खेत से पैदल घर जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया, जिससे वह घायल हो गया। इससे पहले कि आसपास के लोग उसे अस्पताल पहुंचाते, उसने दम तोड़ दिया। थानेदार विमल सिंह का कहना है कि तहरीर पर कार्रवाई होगी।
उधर, शहर के त्रिपुला चौराहा पर तेज रफ्तार कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। इससे ऑटो सवार कौशल (10), शालू (4) निवासी टेरी, शोभनाथ (24) निवासी गुलरिहा, अशोक सिंह (25) निवासी बहादुरपुर थाना हरचंदपुर घायल हो गए। ऑटो शहर आ रहा था। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। कोतवाल कमलेश पांडेय का कहना है कि मामले में कार्रवाई की जाएगी।
बाइक को टक्कर मारने के बाद 50 फिट नीचे गिरा ट्रक : नसीराबाद थानाक्षेत्र में शुक्रवार को बाइक सवार युवक को टक्कर मारने के बाद बेकाबू ट्रक 50 फिट गहरे खड्ड में जा गिरा। हादसे में बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र को चोटें आई।
सिंदुरिया तिराहा पर फतेहपुर की तरफ जा रहे ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। रफ्तार तेज होने से ट्रक 50 फिट गहरे खड्ड में जा गिरा। इससे ट्रक और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। बाइक सवार नूर आलम और उसके बेटे मो. उजैन निवासी नसीराबाद को चोटें आई।
हादसे में पेट्रोल पंप मैनेजर की जान गई : सदर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार की रात दो बाइकों की भिड़ंत में एक पेट्रोल पंप के मैनेजर की मौत हो गई। सर्वोदय नगर निवासी कपिल कुमार सिंह (50) कचहरी रोड स्थित एक पेट्रोल पंप में मैनेजर था। रात में बाइक से सिविल लाइंस की तरफ जा रहा था। इसी दौरान दूसरी बाइक से भिड़ंत हो गई। इसमें कपिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल में उनकी मौत हो गई।