रायबरेली। सलोन व महराजगंज कोतवाली और नसीराबाद थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ने तीन लोगों की जान ले ली। दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार कोतवाली क्षेत्र में कुसुढ़ी सागरपुर से हसनपुर बाया जमुरवां, बसकटा सड़क पर लोक निर्माण विभाग सड़क बनवा रहा है। सरकारी ट्रक बुधवार देर शाम डामर से सनी गिट्टियां लेकर मौके पर गिराने जा रहा था।
कुसुढ़ी सागरपुर चौराहे के पास अचानक अनियंत्रित हुए ट्रक ने एक दुकान पर बैठे किसान देशराज (55) पुत्र शिव बहादुर निवासी कुसुढ़ी सागरपुर को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने भड़के ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराते हुए शवकब्जे में लिया। कोतवाल शरद यादव का कहना है कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। चालक को हिरासत में लेकर ट्रक कब्जे में ले लिया गया है।
डीह प्रतिनिधि के अनुसार थाना क्षेत्र के घाटमपुर मजरे आशारशीदपुर निवासी अनिल साहू (23) पुत्र राघवराम साहू शादी विवाह समारोह में सजावट का काम करता था। बुधवार दोपहर सलोन बाजार से फूल लेकर बाइक से वापस लौट रहा था।
सलोन-परशदेपुर स्थित सई नदी पुल से पहले केशवापुर गांव के समीप अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल अनिल की मौके पर ही मौत हो गई। थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मृतक के पिता राघवराम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।
उधर, नसीराबाद थाना क्षेत्र में डीह थाना क्षेत्र के पूरे धनऊ मजरे खेतौधन निवासी अरुण कुमार अपने दो साथियों के साथ बाइक से चतुरपुर गांव बारात में शामिल होने जा रहा था। सलोन-जायस मार्ग पर बबुरी चौराहे के पास एक साइकिल सवार को बचाने में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई।
इसमें अरुण कुमार (20), बाइक चला रहा अभिषेक कुमार (17) और रामू (18) निवासी राजापुर कुंवरमऊ गंभीर रूप घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी नसीराबाद पहुंचाया।
जहां अरुण कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल रामू व अभिषेक को जिला अस्पताल रेफर किया गया। नसीराबाद एसओ श्रीराम पांडेय ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।