रायबरेली। रात्रि गश्त में ढिलाई बरत रहे थानेदार और उनके मातहत अब पुलिस अधीक्षक के निशाने पर हैं। सोमवार रात एसपी श्लोक कुमार ने बछरावां समेत दो कोतवाली क्षेत्र में औचक निरीक्षण करके रात्रि गश्त की हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान रात्रि गश्त पर पुलिस कर्मी तो मुस्तैद मिले, लेकिन बछरावां कोतवाली क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर एसपी खफा हुए। उन्होंने कोतवाल को अल्टीमेटम देते हुए जल्द खुलासा करने की बात कही।
पुलिस अधीक्षक सबसे पहले महराजगंज कोतवाली पहुंचे। महराजगंज कस्बे समेत अन्य स्थानों पर भ्रमण करके उन्होंने रात्रिगश्त की पड़ताल की।
कोतवाल जितेंद्र प्रताप सिंह से अलर्ट रहने की बात कही। यहां के बाद एसपी बछरावां कोतवाली पहुंचे। कस्बे में भ्रमण करके तैनात पुलिस कर्मियों से रात्रि गश्त की जानकारी ली।
बछरावां में दरोगा अरविंद शुक्ला के घर पर शनिवार रात हुई चोरी की घटना की जानकारी ली। एसपी ने कोतवाल जगदीश यादव को अल्टीमेटम दिया कि दरोगा के घर समेत अन्य जहां पर चोरी की घटनाएं हुईं हैं, उसका तत्काल खुलासा करें। जल्द घटनाओं का खुलासा नहीं हुआ तो कार्रवाई के लिए तैयार रहे।